आजादी का अमृत महोत्सव: देशभक्ति के तरानों पर झूमा शहर, नगर निगम से दो बत्ती तक निकली भव्य तिरंगा रैली (देखिए वीडियो)
रतलाम, 13 अगस्त (इ खबर टुडे)। ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत पूरे शहर में देशभक्ति का वातावरण बना हुआ है। इसी कड़ी में गुरुवार को नगर निगम एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल एवं भव्य तिरंगा रैली का आयोजन अत्यंत उत्साह और जोश के साथ किया गया।
नगर निगम प्रांगण से प्रारंभ हुई यह तिरंगा रैली शहर के प्रमुख मार्गों—जेल रोड, लोकेंद्र टॉकीज चौराहा, न्यू रोड होते हुए दो बत्ती स्थित 'घोड़ा चौराहा' पहुँची, जहाँ इसका समापन हुआ। रैली में आगे-आगे चल रहे डीजे वाहन पर बज रहे देशभक्ति के तरानों और गीतों ने पूरे माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली के मार्ग में जगह-जगह तिरंगे की आन-बान-शान का उत्साह देखने को मिला।
रैली के समापन अवसर पर दो बत्ती घोड़ा चौराहे पर एक संक्षिप्त सभा का आयोजन किया गया। यहाँ महापौर प्रहलाद पटेल एवं कलेक्टर अजय कटेसरिया ने रैली में शामिल सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित किया।
प्रमुख उपस्थिति
जनप्रतिनिधि एवं भाजपा नेता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी, आरडीए उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, प्रवीण सोनी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, अपर कलेक्टर ब्रजेन्द्र रावत सहित, नगर निगम आयुक्त पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के समस्त अधिकारी व कर्मचारी सहित शहरवासी शामिल रहे।
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने कहा कि देश इस वर्ष अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने रतलाम जिले के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। यह दिन हमें उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना खून और पसीना बहाया।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ एक अच्छे नागरिक के रूप में अपने दायित्वों को भी याद करना चाहिए। हम सभी की जिम्मेदारी है कि रतलाम शहर और पूरे जिले को स्वच्छ रखें तथा जिले की प्रगति और विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और रतलाम को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

