बिना अनुमति हो रहा इसाई सम्मेलन बजरंग दल के विरोध प्रदर्शन के बाद स्थगित,आयोजकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज (देखे लाइव विडियो)
रतलाम,27 मई (इ खबरटुडे)। स्थानीय अजंता पैलेस होटल में इसाई समुदाय के लोगों द्वारा बिना अनुमति आयोजित किया जा रहा सम्मेलन बजरंग दल के विरोध प्रदर्शन के बाद स्थागित कर दिया गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सम्मेलन आयोजकों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। बजरंग दल ने कथित आध्यात्मिक सम्मेलन की आड में धर्म परिवर्तन का षडयंत्र चलाए जाने का भी आरोप लगाया है। बजरंग दल के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक बार धक्कामुक्की की स्थिति भी बन गई थी। दूसरी और ईसाई समाज के आयोजनकर्ताओं ने धर्मान्तरण के आरोपों को पूरी तरह से नकार दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,यूनाईटेड क्रिश्चियन काउंसिल रतलाम और रतलाम पास्टर फैलोशिप नामक संस्थाओं द्वारा अजंता पैलेस होटल में तीन दिवसीय मसीही आध्यात्मिक सम्मेलन जीवन दर्शन नामक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। दोपहर को बजरंग दल कार्यकर्ताओं को जब इस बात की जानकारी मिली तो बडी संख्या में बजरंगी मौके पर पंहुच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। बजरंग दल कार्यकर्ता होटल हाल के बाहर ही धरने पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे।
हंगामे की जानकारी मिलते ही सीएसपी अजय सारवान समेत अनेक पुलिस अधिकारी मौके पर पंहुचे और विरोध प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल कार्यकर्ताओं को समझाइश देने का प्रयास करने लगे। बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप था कि सम्मेलन के माध्यम से हिन्दुओ के धर्म परिवर्तन का षडयंत्र किया जा रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं की पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस हुई और एक बार तो धक्का मुक्की की नौबत भी आ गई।
काफी देर चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्यवाही किए जाने का आश्वासन देने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता स्टेशन रोड पुलिस थाने पर पंहुचे और आयोजनकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
बताया जाता है कि ईसाई समुदाय की संस्थाओं द्वारा अजंता पैलेस में मंगलवार शाम से तीन दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया गया था। यह सम्मेलन गुरुवार तक चलना था लेकिन बजरंग दल के विरोध और बिना अनुमति के आयोजन किए जाने के कारण इसे आज ही स्थगित कर दिया गया।
ईसाई मिशनरीज पर धर्मान्तरण का आरोप
बजरंग दल जिला संयोजक मुकेश व्यास ने बताया ईसाई मिशनरी द्वारा धर्मांतरण किया जा रहा था। हमने आकर देखा तो 40 से 50 हिंदूओं का धर्मांतरण करने का विषय चल रहा था। इस होटल में पांच से 7 बार पहले भी घटना हो चुकी है।उन्होंने होटल संचालक व आयोजनकर्ताओं पर एफआईआर की मांग की है।
बिना अनुमति के कार्यक्रम करने पर 10 लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज
मसीही सम्मेलन में धर्मांतरण के हंगामे के बाद पुलिस ने बिना अनुमति के सार्वजनिक स्थान पर आयोजन करने पर आयोजनकर्ता 10 लोगों पर धारा 188 में केस दर्ज किया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यूनाईटेड क्रिश्चियन काउंसिल रतलाम के अध्यक्ष लालू स्टीफन पिता विजय स्टीफन निवासी आमलिया भेरु, सेकेट्ररी विनोई पिता कुरिया निवासी देवरादेव नारायण नगर, जोश मैथ्यु पिता केसी मथाई निवासी अर्जुन नगर, कुलदीप डेनियल पिता चंदसिंह डेनियल निवासी रिटायर्ड कॉलोनी, देवेंद्र गजधर पिता लक्ष्मीनारायण गजधर निवासी अनमोल नगर, दीपक विलियम पिता डेविड विलियम निवासी सुंदरवन कस्तुरबा नगर, शिवदयाल बिहारे निवासी बंजली पुलिस लाइन के पीछे, सत्या राव पिता सखाराव निवासी सिद्धीविनायक कॉलोनी, आरसी पटेल निवासी हनुमानदीन पटेल निवासी एमबी नगर, बृजेश सभी निवासी रतलाम के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस खुद फरियादी बनी है।
इसके अलावा बजरंग दल के एक पदाधिकारी हेमंतसिंह ठाकुर की रिपोर्ट पर अपार बेदी पिता राजेश बेदी के खिलाफ गाली गलौज , जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया है।

