5
Popup Ad
Movie prime

 प्रशासन की मुस्तैदी से रुका बाल विवाह: 15 की दुल्हन और 18 का दूल्हा, बिना फेरे लौटी बारात

 
 

​रतलाम, 27 अप्रैल(इ खबर टुडे)। जिले के बाजना क्षेत्र में प्रशासन ने बाल विवाह के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग जोड़े की शादी रुकवा दी। भोपाल कंट्रोल रूम से मिली गोपनीय सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए, महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुँचकर विवाह की रस्मों को रुकवाया। समझाइश के बाद दूल्हा बिना दुल्हन लिए बारात के साथ वापस लौट गया।

​जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रामनिवास बुधोलिया ने बताया कि भोपाल कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि बाजना के हमीरगंज मोहल्ला गड़ीगमना रोड निवासी सुरेश की पुत्री रेणुका प्रजापत का विवाह झाबुआ जिले के पारा निवासी रौनक (पिता संजय) के साथ होने जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम सैलाना तरुण जैन के निर्देशन में एक विशेष दल का गठन किया गया।

​जांच में दोनों पाए गए नाबालिग
​एसडीएम के आदेश पर बाजना परियोजना अधिकारी एहतेशाम अंसारी, पर्यवेक्षक श्याम सिंघाड़ और परवेज खान की टीम जब मौके पर पहुँची, तो वहां विवाह की तैयारियां जोरों पर थीं। टीम ने तत्काल दस्तावेजों अंकसूची की जांच की। जांच में पाया गया कि ​दुल्हन की जन्मतिथि 21 फरवरी 2011, उम्र महज 15 वर्ष 2 माह और ​दूल्हा की जन्मतिथि 20 अप्रैल 2008, उम्र 18 वर्ष 5 दिन है। ​कानूनन विवाह के लिए लड़की की उम्र 18 और लड़के की 21 वर्ष होना अनिवार्य है, जिसके चलते दोनों ही नाबालिग पाए गए।

​समझाइश के बाद पिता ने दिया लिखित वचन
​प्रशासनिक टीम और पुलिस बल ने दोनों पक्षों को 'बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम' के तहत कानूनी कार्रवाई और जेल की सजा के प्रावधानों से अवगत कराया। अधिकारियों की समझाइश का असर हुआ और दुल्हन के पिता ने लिखित में शपथ पत्र दिया कि वे अपनी बेटी के बालिग होने के बाद ही उसका विवाह करेंगे। इसके बाद बारात बिना फेरों के वापस लौट गई।

​कार्रवाई में शामिल रही संयुक्त टीम
​इस कार्रवाई में राजस्व विभाग से मनोज बघेल व मिहिर साधवानी (पटवारी), पुलिस विभाग से एएसआई कालू सिंह जामोद, मोहित भूरिया, प्रधान आरक्षक शंकर शिंदे सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पूजा वर्मा, दीपमाला सुंदर और लक्ष्मी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

​प्रशासन की अपील
"बाल विवाह एक सामाजिक बुराई और दंडनीय अपराध है। यदि कहीं भी इस तरह के आयोजन की जानकारी मिले, तो तत्काल प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन पर सूचना दें।"