विश्व पर्यावरण दिवस पर रतलाम का गौरव: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विवेक सिंह राठौर को राज्य स्तरीय पर्यावरण पुरस्कार से किया सम्मानित
50,000 की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट किया
रतलाम / भोपाल, 8 जून (इ खबर टुडे)। विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के गरिमामय अवसर पर रतलाम के पर्यावरणविद् विवेक सिंह राठौर को पर्यावरण संरक्षण और जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए राज्य स्तरीय वार्षिक पर्यावरण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागृह में आयोजित एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री राठौर को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और 50,000 की सम्मान राशि सौंपकर परिवार सहित सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री राठौर द्वारा पिछले कई दशकों से पर्यावरण संरक्षण के पुनीत कार्य में निरंतर दिए जा रहे योगदान की सराहना की और उन्हें बधाई दी। इस प्रतिष्ठित समारोह के दौरान विवेक सिंह राठौर द्वारा लिखित पांचवीं पुस्तक ‘धरती के आंचल में सुरक्षित मानव जीवन’ का भव्य विमोचन भी किया गया।
इस अवसर पर पर्यावरण एवं वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, अपर मुख्य सचिव अशोक बागवान, भोपाल महापौर मालती राय तथा विधायक भगवानदास सबनानी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने पुस्तक की विषयवस्तु और इसकी प्रासंगिकता की जमकर प्रशंसा की।
राठौर ने मुख्यमंत्री से करवाया परिजनों और मित्रों का परिचय
सम्मान समारोह के दौरान विवेक सिंह राठौर ने अपने साथ आए परिवार और मित्रों का परिचय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से करवाया। इस दौरान उनकी पत्नी सावित्री देवी, पुत्री पुष्पेंद्र कुंवर, पुत्र महेंद्रपाल सिंह, पोती कुमुद व ऋतंभरा और भांजे नवराज सिंह शक्तावत मौजूद थे।
इसके साथ ही रतलाम से आए प्रमुख पर्यावरण मित्र शुभम सिंह सिसोदिया, आयाना से गोवर्धनलाल पाटीदार, राधेश्याम पाटीदार (धामेड़ी), अतुल ढींग (पिपलोदा), कमलाशंकर पाटीदार (कमलाखेड़ा), कृष्णचंद पटेल और श्रीपाल पाटीदार (गणेशगंज) भी इस पल के साक्षी बने।
आकाशवाणी और मीडिया चैनलों ने लिया साक्षात्कार
राज्य स्तर पर मिली इस बड़ी उपलब्धि के बाद विवेक सिंह राठौर क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। इस गौरवमयी उपलब्धि पर आकाशवाणी केंद्र भोपाल सहित कई प्रमुख समाचार चैनलों ने श्री राठौर का विशेष साक्षात्कार (इंटरव्यू) लिया। रतलाम आगमन पर उन्हें विभिन्न सामाजिक संगठनों और प्रबुद्धजनों द्वारा लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

