Movie prime

 रतलाम / चड्डी-बनियान गिरोह का पर्दाफाश: गुजरात के दाहोद से संचालित गैंग के तीन चोर व माल खरीदने वाला सर्राफा व्यापारी गिरफ्तार
​​​​​​​

 दिन में करते रेकी, रात में चड्डी-बनियान पहनकर बोलते थे धावा
 

 

​रतलाम, 09 अक्टुम्बर (इ खबर टुडे। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश कुमार पन्द्रो और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने शहर में महीनों से दहशत का पर्याय बनी 'चड्डी-बनियान गैंग' का पर्दाफाश कर दिया है।

​पुलिस ने गुजरात के दाहोद जिले से वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक बुजुर्ग व्यापारी समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1 किलो 200 ग्राम चांदी, 40 ग्राम सोने के आभूषण और 9,000 नकद बरामद किए गए हैं।

​दिन में रेकी, रात में चड्डी-बनियान पहनकर धावा
​प्रेस वार्ता में एएसपी राकेश कुमार पन्द्रो ने बताया कि गैंग पिछले लगभग आठ महीनों से शहर की राम मंदिर, बिरियाखेड़ी, राजबाग जैसी कॉलोनियों को निशाना बना रही थी। आरोपियों का तरीका बेहद शातिराना था। आरोपी शनिवार की रात रतलाम पहुंचते थे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सामान्य यात्रियों की तरह सो जाते थे। चोरी की जगह पहुंचने से पहले आरोपी चड्डी-बनियान पहन लेते थे ताकि शरीर का आकार ढका रहे और सीसीटीवी फुटेज से पहचान न हो सके। वारदात के तुरंत बाद वे कपड़े बदल लेते थे।

​जंगल के रास्ते आवाजाही पकड़े जाने के डर से आरोपी रेलवे स्टेशन या मुख्य मार्गों के बजाय तालाब की पाल और जंगल के रास्तों का इस्तेमाल करते थे। वारदात के बाद गिरोह अलग-अलग टीमों में बंट जाता था और अलग-अलग रास्तों व ट्रेनों से वापस गुजरात के दाहोद पहुंचता था।

​गुजरात में 6 दिन डेराबंदी, 1000 सीसीटीवी खंगाले
​आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम को भारी मशक्कत करनी पड़ी। शहर के 1000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम गुजरात के दाहोद जिले के जैसावाड़ा पहुंची। करीब 6 दिनों तक इलाके में रेकी करने के बाद पुलिस ने ​कालू पिता भीमा उर्फ भीमजी (निवासी आमली, थाना जैसावाड़ा, जिला दाहोद, गुजरात), ​नभला पिता भीमा उर्फ भीमजी (निवासी अमली, थाना जैसावाड़ा, जिला दाहोद, गुजरात), ​मालाभाई पिता जोटाभाई उर्फ जोर सिंह मावी, उम्र 56 वर्ष (निवासी वाडवा, थाना जैसावाड़ा, जिला दाहोद, गुजरात), चोरी का माल खरीदने/गिरवी रखने वाला ​मणिशंकर उर्फ पोपटलाल पिता केशवलाल पांचाल, उम्र 74 वर्ष (निवासी आम्बली, थाना जैसावाड़ा, जिला दाहोद, गुजरात) के आरोपियों को दबोच लिया। वारदात में एक आरोपी ​संजयभाई पिता दलसिंह मावी (निवासी वाडवा, थाना जैसावाड़ा, जिला दाहोद, गुजरात) फरार है जिनकी पुलिस तलाश में जुटी है।

​मामला दर्ज व आगे की कार्रवाई
​आरोपियों के खिलाफ थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 827/2026 (धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता - BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जा रहा है, जिससे अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

​सराहनीय पुलिस टीम
​आरोपियों को गिरफ्तार करने में उनि. विनोद कटारा, उनि. देवीलाल पाटीदार, उनि. ध्यानसिंह सोलंकी, प्र.आर. अनिल सोलंकी, प्र.आर. निलेश पाठक, प्र.आर. अभिषेक पाठक, आर. रवि चंदेल, आर. गोविन्द गेहलोत, आर. दीपक मकवाना, आर. जीवन विश्वकर्मा (थाना माणकचौक) की मुख्य भूमिका रही।

​वहीं मार्गदर्शन व तकनीकी सहायता में उपुअ. गायत्री सोनी, निरीक्षक अमित कोरी, उनि. उदयभान राय, प्र.आर. राधु भिंडे, आर. विजयसिंह मालवीय, आर. राणा प्रताप, आर. ओम पारगी, आर. गौरव भारती, आर. कलसिंह मईडा एवं सायबर सेल से उनि. जीवन बारिया व आर. विपुल की सराहनीय भूमिका रही।