रतलाम / विधायक की गाड़ी को टक्कर मारने वाली बिना नंबर की बोलेरो पर प्रकरण दर्ज
रतलाम,12मई (इ खबर टुडे)। सैलाना थाना क्षेत्र के ग्राम कोटड़ा में विधायक कमलेश्वर डोडियार के काफिले में शामिल एक वाहन को लापरवाही पूर्वक टक्कर मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी चालक और वाहन में सवार अन्य व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब आठ बजे फरियादी नागेश्वर पिता लक्ष्मण खराडी निवासी भेरूघाटा अपनी बोलेरो (MP 43 C 8071) लेकर ग्राम अडवानिया से कोटड़ा होते हुए सैलाना जा रहे थे। इस वाहन में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार भी सवार थे, जो भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
इसी दौरान कोटड़ा गांव में एक बिना नंबर वाली काले कांच की बोलेरो ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए विधायक की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
अवैध परिवहन रोकने पर रंजिश की आशंका
शिकायत के अनुसार, घटना के बाद टक्कर मारने वाली गाड़ी के चालक कमल निनामा (निवासी भल्ला का माल) और वाहन में सवार मंथन कौशल (निवासी इसरथुनी) मौके से भाग निकले। फरियादी ने आरोप लगाया कि विधायक द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन के खिलाफ की जा रही पुलिस कार्यवाही से क्षुब्ध होकर जानबूझकर गाड़ी को टक्कर मारी गई और नुकसान पहुँचाया गया।
पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर टक्कर मारने वाली गाड़ी (जिसकी नंबर प्लेट GJ 22 U 3145 गाड़ी के अंदर रखी मिली) को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी चालक कमल निनामा और मंथन कौशल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक शंकर सिंह सक्तावत द्वारा की जा रही है।

