एक्सप्रेस-वे पर हादसा : जावरा के पास अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग में घुसी कार, 13 वर्षीय भाई और 6 वर्षीय बहन की दर्दनाक मौत; माता-पिता घायल
रतलाम, 11 नवंबर (इ खबर टुडे)। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर रतलाम जिले के जावरा के समीप बड़ायला चौराहे के पास आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गुजरात के बड़ौदा (वडोदरा) से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जा रहा एक परिवार इस हादसे का शिकार बन गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए उसमें जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के ग्राम लहना निवासी राजाबाबू वर्मा अपने परिवार के साथ वडोदरा से अपने गांव लौट रहे थे। जावरा के बड़ायला चौराहा के पास तेज रफ्तार के कारण चालक पिता वाहन पर से नियंत्रण खो बैठे, जिससे कार सीधे एक्सप्रेस-वे की लोहे की सुरक्षा रेलिंग से जा टकराई और रेलिंग कार को चीरती हुई अंदर तक घुस गई। इस भीषण हादसे में कार में सवार 13 वर्षीय सागर वर्मा और 6 वर्षीय मासूम बेटी विधि की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, राजाबाबू वर्मा और उनकी पत्नी रिशु वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेस-वे की पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जावरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा उत्तर प्रदेश में स्थित परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

