शासकीय भूमि पर कपास-मक्का की आड़ में चल रही थी गांजे की खेती, रतलाम पुलिस ने किया भंडाफोड़; 70 लाख रुपये का गांजा जब्त
रतलाम, 30 सितंबर (इ खबर टुडे)। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे की खेती के खिलाफ रतलाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना सरवन क्षेत्र के ग्राम उण्डेर में पुलिस टीम ने छापा मारकर शासकीय भूमि पर कपास और मक्का की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 2,948 पौधे जब्त किए हैं। जब्त गांजे का कुल वजन लगभग 724 किलोग्राम और अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹70 लाख आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम उण्डेर के पहाड़ी किनारे स्थित शासकीय भूमि पर गांजे की खेती की गुप्त सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा SDOP सैलाना लेखराज मीणा के नेतृत्व में सरवन, सैलाना और बाजना थानों की संयुक्त टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीमों ने ग्राम उण्डेर में पहाड़ी के पास स्थित खेतों में घेराबंदी कर सर्चिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान कपास और मक्का की फसलों के बीच छिपाकर उगाए गए गांजे के हजारों पौधे मिले। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके से 2,948 हरे पौधे उखड़वाकर जब्त कर लिए।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। चूंकि गांजे की खेती शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करके की जा रही थी, इसलिए पुलिस अब इस खेती में संलिप्त मुख्य आरोपियों और भूमि पर कब्जा करने वालों की पहचान में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में सरवन थाना प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सेमलिया, सैलाना थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश, बाजना थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र दण्डोतिया, उप निरीक्षक खान, उप निरीक्षक जी.एल. भूरिया, सैलाना अनुभाग के समस्त पुलिस स्टाफ और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतलाम पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि "नशे की खेती, तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस नशे के मूल स्रोत तक पहुंचकर अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।"

