कपास और मक्का की आड़ में हो रही थी गांजे की खेती: रतलाम पुलिस ने 28 लाख से अधिक के अवैध पौधे किए जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
रतलाम, 17 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना शिवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गुंजा में कपास और मक्का की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 880 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त किए गए गांजे का कुल वजन 280.65 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 28,06,500 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, शहर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो तथा ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय को बीते दिन शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुंजा निवासी वीरू पारगी ने अपने खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत ग्राम गुंजा में संबंधित खेत पर दबिश दी।
भागने का प्रयास कर रहा था आरोपी
खेत पर पहुंचते ही पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा, जिसे पुलिस बल ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान वीरू (52) पुत्र शंभु पारगी, निवासी ग्राम गुंजा, थाना शिवगढ़ के रूप में हुई। जब पुलिस ने खेत की गहन तलाशी ली, तो पाया कि आरोपी ने मक्का और कपास की घनी फसलों के बीच छिपाकर गांजे के पौधे उगा रखे थे। पुलिस ने कुल 880 हरे पौधे बरामद किए गए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी वीरू पारगी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। इस अवैध खेती के नेटवर्क और इसमें अन्य संलिप्त लोगों के बारे में भी बारीकी से जांच की जा रही है। रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर आगे भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक लिलियन मालवीय, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदोरिया, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भुरिया, उपनिरीक्षक ईशाक मोहम्मद खान, प्रधान आरक्षक रघुवीरसिंह शक्तावत, प्रधान आरक्षक जितेन्द्रपालसिंह राठौर, आरक्षक मनीष खराड़ी, आरक्षक सचिन पाटीदार, आरक्षक विकास जादौन और महिला आरक्षक रंजिता मोदी शामिल रहे।

