Movie prime

 कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने भारत माता सर्कल में किया नमो प्रदर्शनी का शुभारंभ

 
 

रतलाम, 21 सितंबर( इ खबर टुडे ) । भारतीय जनता पार्टी द्वारा मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत रविवार शाम अलकापुरी स्थित भारत माता सर्कल में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के जीवन पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई गई। इसका शुभारंभ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया। 


भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष बजरंग पुरोहित, सेवा पखवाड़ा प्रभारी निर्मल कटारिया, प्रदेश कार्य समिति सदस्य निमिष व्यास एवं प्रदर्शनी प्रभारी आईटी सेल के प्रदेश सह संयोजक सोमेश पालीवाल मंचासीन रहे।

मंत्री श्री काश्यप ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी केवल एक नाम नहीं बल्कि एक विचार है, जिसने दुनिया में भारत के नाम को चमकाया और निरंतर इस दिशा में कार्य कर रहे है। उन्होने विकसित भारत का रोड मैप बनाया है, जिसका प्रदर्शन भी इस प्रदर्शनी में किया गया है। उनकी नीतियों से देश के सभी राज्य मजबूत हुए है। 


मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रयासों से देश का पहला पीएम मित्र पार्क आरंभ हुआ है। देशवासियों को मोदी जी के जीवन वृत्त को समझना चाहिए और 2047 में विकसित भारत का जो स्वपन उन्होंने दिखाया है, उसे पूरा करने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करना चाहिए। 


प्रदर्शनी के आरंभ में बदनावर के समीप भैंसोला में प्रधानमंत्री जी का दौरा सफलतापूर्वक संपन्न होने पर कार्यक्रम समन्वयक मंत्री श्री काश्यप का महापौर प्रहलाद पटेल एवं भाजपा पार्षद दल ने सम्मान किया। श्री काश्यप का भाजपा मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, आदित्य डागा, सोना शर्मा, नंदकिशोर पंवार ने भी स्वागत, अभिनंदन किया। 


आरंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि नमो प्रदर्शनी दो दिन तक चलेगी। उन्होंने भाजपा के सभी मंडलों से परिवार सहित प्रदर्शनी का अवलोकन करने का आह्वान किया। प्रदर्शनी में चित्रों के माध्यम से मोदी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को विस्तार से प्रदर्शित किया गया है। कार्यक्रम का संचालन दीपक राजपुरोहित ने किया। आभार मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित ने माना।