रतलाम: अपमान और धमकियों से परेशान व्यापारी ने की आत्महत्या की कोशिश, मामला दर्ज
रतलाम, 28 नवंबर (इ खबर टुडे)। माणकचौक थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर अपमानित किए जाने और जान से मारने की धमकियों से परेशान होकर एक प्रॉपर्टी व्यापारी ने कीटनाशक दवाई खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में जांच के बाद संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामदेव जी की घाटी, रतलाम निवासी सौरभ पिता राजकुमार पितलिया जैन 45 वर्ष ने बताया कि भरावा की कुई निवासी विशाल जैन से उनकी पुरानी पहचान थी। 19 नवंबर को विशाल जैन अपने परिचित राजेंद्र नगर निवासी राजेश चौहान की बेटी की शादी में सपरिवार शामिल होने के लिए बिना निमंत्रण के आए थे। आरोप है कि वहां विशाल जैन ने रुपयों की बात को लेकर लोगों के सामने उन्हें बदनाम किया और अपमानित किया।
इसके बाद दो दिन पूर्व बुधवार को विशाल जैन ने कथित तौर पर दुकान पर जाकर गाली-गलौज व अपमानित करते हुए धमकी दी, साथ ही किसी बट्टा नामक व्यक्ति के माध्यम से फोन करवाकर जान से मारने की धमकी भी दिलवाई। इसी बात से परेशान होकर 26 नवंबर 2026 को जैन कॉलोनी के गेट के पास पार्किंग में सौरभ ने गेहूं में रखने की कीटनाशक दवाई खा ली।
तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला चिकित्सालय रतलाम लाया गया, जहां से उन्हें सीएच रतलाम के कोविड आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया। 26 नवंबर की रात्रि में माणकचौक चौकी पर पदस्थ उप निरीक्षक ने पीड़ित के बयान के आधार पर जांच की। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी विशाल जैन के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।

