Movie prime

रतलाम / 10 पेटी अवैध शराब के साथ बोलेरो नियो जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

 

 

​रतलाम, 05 नवंबर (इ खबर टुडे)। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा चलाए जा रहे अवैध शराब तस्करी व शराब माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान के तहत रावटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं SDOP सैलाना IPS लेखराज मीणा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष डावर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 पेटी अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 04-05 नवंबर की दरमियानी रात रावटी पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चैनपुरा फंटा रतलाम रोड पर घेराबंदी की और रतलाम की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की बोलेरो नियो कार को रोका। कार में दो लोग सवार थे, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम ​नंदकिशोर गुप्ता (32) पिता विजयप्रसाद गुप्ता, निवासी ग्राम काजरू खुर्द, जिला पलामू (झारखंड), ​संजय पोरवाल (34) पिता कन्हैयालाल पोरवाल, निवासी ईश्वरनगर, थाना दीनदयाल नगर (रतलाम) बताया।

पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से 07 पेटी माउंट्स बीयर केन और 03 पेटी प्लेन मदिरा क्वार्टर (कुल 10 पेटी अवैध शराब) बरामद हुई। शराब के परिवहन एवं भंडारण का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं पाए जाने पर पुलिस ने शराब और बोलेरो कार (क्रमांक MP 43 ZC 2385) को मौके पर जब्त कर लिया।

​जब्त शराब की कीमत 34,320 और ​जब्त वाहन की कीमत लगभग 9,000,00 जिसकी ​कुल मशरूका 9,34,320 (नौ लाख चौंतीस हजार तीन सौ बीस रुपये) आकी गई।

रावटी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
​
इस प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष डावर, प्रधान आरक्षक राजेश बख्शी, आरक्षक बहादुर दांगी, आरक्षक अवधेश सिंह परमार, आरक्षक राकेश निनामा एवं रावटी थाने की टीम की सराहनीय भूमिका रही।