Movie prime

 रतलाम / जामण नदी के पास मिला युवक का शव, हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

 

 ​​​​​

​रतलाम, 07नवंबर (इ खबर टुडे)। बाजना रोड स्थित जामण नदी के पास शुक्रवार देर रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार के गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान रितेश मईड़ा के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने हत्या का संदेह जताते हुए बाजना बस स्टैंड पर शव रखकर चक्काजाम करने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले गए।

मृतक के बड़े भाई हिमांशु मईड़ा ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9:30 बजे दो युवक रितेश को बाइक से अपने दोस्त अज्जू बोरासी की जन्मदिन पार्टी में ले जाने की बात कहकर घर से ले गए थे। देर रात तक जब रितेश वापस नहीं आया और उसका मोबाइल बंद मिला, तो परिजनों की चिंता बढ़ी। शुक्रवार दोपहर तक कोई सुराग न मिलने पर डीडी नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रात में पुलिस ने शव बरामद होने की सूचना दी।

​अंतिम बार इन युवकों के साथ देखा गया
परिजनों के अनुसार, पार्टी के बाद रितेश को अंतिम बार सोमिल वर्मा, पीयूष राठौड़, विकास मेघवाल, सौरभ वर्मा, यश खरे और अमन उर्फ बच्चा के साथ देखा गया था। परिजनों ने इन्हीं युवकों पर शंका व्यक्त की है।

​मृतक पर भी दर्ज थे कई गंभीर आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक रितेश मईड़ा का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ डीडी नगर थाने में वर्ष 2023 और 2024 में हत्या के दो मामले दर्ज थे। इसके अलावा वह हत्या के प्रयास के एक मामले में भी आरोपी था और करीब तीन माह पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।

​फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदेहियों से पूछताछ और घटना से जुड़े पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।