रतलाम / वन विभाग की जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, युवक की हत्या, पिता-भाई घायल; सात नामजद
रतलाम, 28 जुलाई (इ खबर टुडे)। जिले के बाजना थाना क्षेत्र अंतर्गत केलकच्छ चौकी के ग्राम कागलीखोरा में मंगलवार को वन विभाग की जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहा पुराना विवाद अचानक हिंसक हो गया। दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसके पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बाजना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने भी घटनास्थल का मुआयना किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच गांव की पहाड़ी पर स्थित वन विभाग की जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था, जिसने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया।
एक ही परिवार के 7 लोगों पर हत्या का प्रकरण दर्ज
बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया के अनुसार, मृतक की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है, हालांकि परिजनों ने उसकी उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच बताई है। पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के सात नामजद आरोपी रमेश पिता रावजी, पंकेश पिता जीवा, विकास पिता दारजी, राजीव पिता दारजी, माइकल पिता मोहन, मोहन पिता वेस्ता के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज किया है।
दबिश जारी, कुछ आरोपी हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

