रतलाम पुलिस की सराहनीय पहल: 'ब्लैक स्पॉट' बजेड़ा फंटा अब स्ट्रीट लाइटों से रौशन, हादसों पर लगेगा प्रभावी अंकुश
रतलाम, 04 जुलाई (इ खबर टुडे)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए रतलाम पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के कड़े निर्देशों के बाद, महू-नीमच रोड स्थित कुख्यात 'ब्लैक स्पॉट' बजेड़ा फंटा को सुरक्षित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
थाना प्रभारी नामली, निरीक्षक अमित कोरी के नेतृत्व में नामली पुलिस, ग्राम पंचायत धोंसवास और मध्य प्रदेश विद्युत मंडल (MPEB) ने आपसी समन्वय दिखाते हुए 3 जुलाई 2026 को इस डेंजर ज़ोन की तस्वीर बदल दी।
महू-नीमच रोड का बजेड़ा फंटा लंबे समय से एक खतरनाक ब्लैक स्पॉट बना हुआ था। यहाँ रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने के कारण वाहन चालकों को स्पीड ब्रेकर और मोड़ का सही अंदाज़ा नहीं मिल पाता था, जिससे लगातार गंभीर हादसे हो रहे थे।
इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर 03 नए पोल स्थापित किए। 05 हाई-पावर स्ट्रीट लाइटें लगाईं, जिससे अब पूरा क्षेत्र रात में भी दूधिया रोशनी से चमक उठेगा। वाहनों की रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए ज़िग-ज़ैग स्टॉपर भी लगाए गए हैं। इस नई व्यवस्था से अब रात के समय भी वाहन चालकों को सड़क और स्पीड ब्रेकर स्पष्ट दिखाई देंगे, जिससे हादसों की आशंका ना के बराबर हो जाएगी।
"सड़क सुरक्षा रतलाम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। जिले के सभी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) का लगातार रिव्यू कर वहाँ आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं ताकि हर नागरिक का सफर सुरक्षित हो सके।"
— रतलाम पुलिस प्रशासन
रतलाम पुलिस की आम जनता से अपील
सड़क को सुरक्षित बनाने के बाद अब रतलाम पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से भी सहयोग की अपील है की ब्लैक स्पॉट और स्पीड ब्रेकर के पास वाहनों की गति धीमी रखें। दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं। यातायात नियमों का पालन कर खुद को भी सुरक्षित रखें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।

