भाजपा पार्षद ने की सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत, सीएमओ ने मांगा स्पष्टीकरण
रतलाम,03मई (इ खबर टुडे)। नगर परिषद धामनोद में नगर परिषद सीएमओ और जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी सामंजस्य की कमी का फायदा सीएमओ के अधिनस्थ कर्मचारी उठाते हुए किसी न किसी कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों से आये दिन तकरार करने से नहीं चूकते हैं।
एक ऐसा ही मामला हाल ही में भी सामने आया है जिसमें, नगर परिषद के एक कर्मचारी के व्यवहार से आहत भाजपा पार्षद को सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के लिए मजबूर होना पड़ा। वहीं सीएम हेल्पलाइन नंबर 181 पर कर्मचारी की शिकायत करने वाले पार्षद से नगर परिषद सीएमओ ने तीन दिवस में स्पष्टीकरण मांगा साथ ही स्पष्टीकरण नहीं प्रस्तुत करने पर अग्रीम कार्यवाही करने हेतु संबंध में पत्र जारी किया है।
जानकारी अनुसार मामला कुछ इस प्रकार है कि मार्च 2026 में धामनोद नगर में तीन दिवसीय श्री शीतला माता मेला का आयोजन किया गया था, मेला आयोजन के लिये नगर परिषद द्वारा एक मेला समिति बनाई गई थी। मेला समिति अध्यक्ष मदनलाल पाटीदार को बनाया गया था । दिनांक 14 मार्च 2026 को मेला आयोजन में व्यवस्थाओं को लेकर मेला समिति अध्यक्ष मदनलाल पाटीदार (पार्षद वार्ड नं 04) और नगर परिषद के एक कर्मचारी के बीच कहां सूनी-सूनी हो गई। कर्मचारी के इस प्रकार के व्यवहार को लेकर मेला समिति अध्यक्ष/पार्षद पाटीदार ने सीएम हेल्पलाइन नंबर 181 पर शिकायत कर दी थी। जिसमें पार्षद पाटीदार ने आरोप लगाया कि कर्मचारी ने नागरिकों के सामने तू-तडाक बात कर एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ दुर्व्यवहार किया है।
वहीं इस मामले में अब नगर परिषद सीएमओ ने संबंधित पार्षद को संबंध में पत्र में बताया है कि कर्मचारी शुभम् जैन को सूचना पत्र जारी किया गया होकर जवाब प्रस्तुत किया गया है। प्रस्तुत जवाब में कथित घटना के घटित होने से इंकार किया गया है। साथ ही, यह भी अवगत कराया गया है कि इस विषय में आपकी उनसे (संबंधित कर्मचारी) मोबाइल पर चर्चा हुई थी। जिसमें आपने (पार्षद) कथित रूप से यह कहा कि आपके द्वारा झूठी शिकायत की गई है तथा झूठी शिकायत करना आपकी आदत है। उक्त संबंध में उनके (कर्मचारी) द्वारा एक वॉयस रिकार्डिंग भी प्रस्तुत की गई है।, जिसकी सामग्री का परीक्षण किया जाना शेष है
इस संबंध में पार्षद पाटीदार को पत्र के माध्यम से सूचित कर अपना कथन तीन दिवस में प्रस्तुत करें, समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने पर उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जावेगी।
इस संबंध में पार्षद मदनलाल पाटीदार ने बताया कि मैं की गई शिकायत पर आज भी कायम हूं, वॉयस रिकार्डिंग की जांच की जाना चाहिए उक्त कथित वॉयस रिकार्डिंग को लेकर मेरे पर कई दिनों से दबाव बनाने और ब्लेकमैल करने की कोशिश नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा की जा रही है। इस विषय में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को अवगत करवाया जावेगा।

