संघ की पहली पीढ़ी के स्वयंसेवक स्व. लल्ला जी जौहरी का जन्म शताब्दी समारोह 4 मई को, वरिष्ठ प्रचारक होंगे शामिल
रतलाम,02 मई (इ खबर टुडे)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रतलाम जिले के पहली पीढ़ी के स्वयंसेवकों में से एक, स्व. श्री कृष्ण कुमार जौहरी (लल्ला जी) (जन्म: 4 मई 1926) की जन्म शताब्दी के अवसर पर आगामी 4 मई 2026, सोमवार को एक भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। जौहरी परिवार द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम स्व लल्ला जी की सामाजिक और वैचारिक निष्ठा को समर्पित होगा।
संघ के स्तंभ के रूप में पहचान
स्व. श्री कृष्ण कुमार जौहरी जी की पहचान रतलाम में संघ के उन कर्मठ और शुरुआती स्वयंसेवकों के रूप में रही है, जिन्होंने शुरुआती कठिन दौर में संगठन की नींव को मजबूत करने में अपना योगदान दिया। उनके इसी सेवाभावी जीवन को याद करने के लिए उनकी 100 वीं जन्म जयंती पर विशेष कार्यक्रम रखा गया है। रतलाम जिले में संघ कार्य का प्रारम्भ जुलाई 1942 में हुआ था। उस समय धार निवासी श्री हीरालाल शर्मा ने संघ की प्रथम शाखा स्टेशन रोड पर महाराष्ट्र समाज के पास प्रारम्भ की थी। स्व. श्री लल्ला जी संघ की उसी प्रथम शाखा के स्वयंसेवक थे। संघ की शाखा में जाने के बाद वे जीवन भर संघ कार्य के लिए समर्पित रहे। आपातकाल जैसे कठिन समय में भी उन्होंने संघ कार्य को जीवंत रखा। संघ पर प्रतिबन्ध भी लगे लेकिन स्व लल्ला जी ने राष्ट्र कार्य से कभी स्वयं को दूर नहीं होने दिया।

विशिष्ट अतिथियों का आगमन
इस शताब्दी समारोह में राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख पदाधिकारी भी शिरकत करेंगे। संघ के वरिष्ठ प्रचारक और संघ कार्य के शुरुआती दिनों में प्रचारक रहे श्री अरविन्द मोघे विशेष रूप से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके अलावा वनवासी कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष राघो सिंह जी बावर,प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता हिम्मत कोठारी समेत कई विशिष्ठ जन इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएँगे।
बरबड़ हनुमान मंदिर में होगा आयोजन
शताब्दी समारोह के आयोजनकर्ता दीपक जोहरी व् रवि जोहरी ने बताया कि उक्त कार्यक्रम 4 मई रविवार को दोपहर 10 बजे सैलाना रोड स्थित बरबड़ हनुमान मंदिर के कृष्ण मण्डप में आयोजित होगा। समारोह में स्व श्री लल्ला जी द्वारा राष्ट्र निर्माण के कार्यो में किये गए योगदान पर चर्चा के बाद स्नेहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। स्व. श्री कृष्ण कुमार जौहरी के इस जन्म शताब्दी समारोह के लिए समस्त जौहरी परिवार ने संघ से जुड़े सभी आत्मीय जनों को आमंत्रित किया है। यह अवसर न केवल एक पारिवारिक मिलन है, बल्कि समाज और संगठन के प्रति उनके समर्पण को नमन करने का भी दिन है।

