Movie prime

 फर्जी E-Challan APK से सावधान: एक क्लिक में खाली हो सकता है आपका बैंक खाता, रतलाम पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

 

​रतलाम,08 सितंबर(इ खबर टुडे)। ट्रैफिक चालान काटने और बकाया जुर्माना भरने का झांसा देकर साइबर ठग लोगों को चूना लगाने का नया तरीका अपना रहे हैं। जालसाज अब मोबाइल पर फर्जी E-Challan के नाम से APK फाइल भेजकर लोगों के बैंक खातों में सेंध लगा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं राकेश पन्द्रो के मार्गदर्शन में साइबर सेल रतलाम ने आमजन की सुरक्षा के लिए साइबर एडवाइजरी जारी की है।

साइबर सेल के अनुसार ठग WhatsApp या SMS पर वाहन चालान लंबित होने का मैसेज भेजते हैं। इसमें Traffic Challan, E-Challan, या Pending Fine का डर दिखाकर लिंक या APK फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता है। यूजर जैसे ही इस हानिकारक APK फाइल को इंस्टॉल करता है, ठगों को मोबाइल का अनधिकृत एक्सेस मिल जाता है। इसके जरिए OTP, बैंकिंग डिटेल्स और संवेदनशील डेटा चुराकर वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दिया जाता है।

​ठगी से बचने के लिए बरतें ये सावधानियां
​अनजान नंबर से मिले किसी भी E-Challan लिंक या APK फाइल पर क्लिक/डाउनलोड न करें। ​किसी के कहने पर मोबाइल की "Install Unknown Apps" सुरक्षा सेटिंग बंद या चालू न करें। ​गोपनीय जानकारी जैसे OTP, UPI PIN, ATM PIN या CVV किसी के साथ साझा न करें। ​ई-चालान की जांच या भुगतान केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल से ही करें। ​किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में रिमोट एक्सेस या स्क्रीन शेयरिंग ऐप इंस्टॉल न करें।

​गलती से ऐप इंस्टॉल हो जाए तो तुरंत करें ये काम
यदि किसी ने गलती से फर्जी APK फाइल डाउनलोड कर ली है, तो तुरंत मोबाइल का इंटरनेट (डेटा/वाई-फाई) बंद करें। उस ऐप को तुरंत अनइंस्टॉल करें और अपने बैंक को सूचित कर खाता सुरक्षित कराएं।

​साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें सूचना
रतलाम पुलिस ने अपील की है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज या लिंक पर बिना जांच-परख के भरोसा न करें। यदि कोई व्यक्ति वित्तीय ठगी का शिकार हो जाता है, तो बिना देरी किए तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। जितनी जल्दी सूचना दी जाएगी, ठगी गई राशि सुरक्षित कराने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।