Movie prime

रतलाम / मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में गलत जानकारी देकर लिया लाभ, निष्पक्ष जांच की मांग

 

 

​रतलाम, 16 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। ​रतलाम जिले की बाजना तहसील से शासकीय योजनाओं का असत्य जानकारी देकर गलत लाभ लेने तथा कूटरचना का एक मामला सामने आया है। मामले में आवेदिका शहनाज बी पति स्व. आबिद खान, निवासी बाजना द्वारा जिला कलेक्टर एवं पुलिस प्रशासन से शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की गई है।  

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमरन का विवाह वर्ष 2016 में मुस्लिम रीति-रिवाज से सद्दाम उर्फ शाहरुख खान के साथ हो चुका था। वर्ष 2017 में दोनों की एक पुत्री (आयत बी) भी हुई, जिसके आधार पर उन्हें शासन की 'लाड़ली लक्ष्मी योजना' का आश्वासन प्रमाण पत्र क्रमांक 124801 5421 भी प्राप्त हुआ था।  

​इसके बावजूद, आरोप है कि असत्य तथ्य प्रस्तुत कर 27 जून 2019 को बाजना में आयोजित 'मुख्यमंत्री कन्यादान योजना' के तहत पुनः निकाह/विवाह दर्शाकर शासन से 48,000 की अनुदान राशि अनुचित रूप से प्राप्त कर ली गई, जो सिमरन के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (शाखा बाजना) के खाते में जमा हुई।  

​राशि की वापसी और पुलिस जांच प्रक्रिया जारी
​शिकायत के बाद सामाजिक न्याय विभाग रतलाम द्वारा की गई जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी पक्ष द्वारा तहसील बाजना में तीन किश्तों में योजना की 48,000 की राशि वापस जमा करा दी गई है।  

​फिलहाल, इस मामले में सैलाना न्यायालय में दायर परिवाद के तहत बाजना पुलिस थाना द्वारा तहसीलदार बाजना को पत्र प्रेषित कर जांच संबंधी दस्तावेज, जांच प्रतिवेदन और राशि वापसी के आधारों की संपूर्ण जानकारी मांगी गई है ताकि प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत किया जा सके।  

​शहनाज बी ने प्रशासन से कूटरचना और धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।