ग्राम पंचायत अंबा में खरमोर पक्षी और जैव-विविधता संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रतलाम,31अगस्त(इ खबर टुडे)। बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी (BNHS) और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 29 अगस्त को ग्राम पंचायत अंबा में खरमोर पक्षी एवं जैव-विविधता संरक्षण के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने ग्रामीणों और किसानों को पर्यावरण संतुलन में पक्षियों और वन्यजीवों के योगदान की जानकारी देते हुए उनके संरक्षण के लिए सामुदायिक प्रयासों पर बल दिया।
BNHS के कम्युनिटी इंगेजमेंट ऑफिसर सचिन बिश्नोई, जूनियर प्रोजेक्ट फेलो विनय शर्मा और उनकी टीम ने वन परिक्षेत्र अधिकारी राधे श्याम जोशी की उपस्थिति में ग्रामीणों को संकटग्रस्त खरमोर पक्षी की पहचान, उसके प्राकृतिक आवास (घास के मैदानों) की सुरक्षा और क्षेत्रीय जैव-विविधता के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जताई प्रतिबद्धता
कार्यक्रम में मौजूद राजेंद्र सिंह राठौर, ग्राम पंचायत सरपंच आसाराम परिहार एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामीणों से आसपास के जंगलों, जलस्रोतों और पक्षियों के आवास को सुरक्षित रखने की अपील की गई।
BNHS की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर स्थानीय समुदाय को जोड़कर खरमोर पक्षी और अन्य वन्यजीवों का संरक्षण सुनिश्चित करना है।

