Movie prime

कलेक्टर के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर ठगी की कोशिश, पैसों की मांग की आशंका, अलर्ट जारी

कलेक्टर अजय कटेसरिया की नागरिकों से अपील: फर्जी नंबरों पर न करें विश्वास, किसी भी प्रकार का लेन-देन न करें
 

 

​रतलाम, 08 सितंबर (इ खबर टुडे)। जिले में साइबर अपराधियों द्वारा कलेक्टर अजय कटेसरिया के नाम और प्रोफाइल फोटो का गलत इस्तेमाल कर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। ठगों द्वारा एक अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबर +639615402077 के जरिए विभिन्न लोगों को संदेश भेजे जा रहे हैं। मामला संज्ञान में आते ही प्रशासन ने तुरंत एडवाइजरी जारी कर नागरिकों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।

कलेक्टर अजय कटेसरिया ने स्पष्ट किया है कि उक्त मोबाइल नंबर उनका अधिकृत नंबर नहीं है। उन्होंने जिले के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की है कि यदि इस नंबर या किसी अन्य अनधिकृत नंबर से उनके नाम, फोटो अथवा पद का उपयोग कर कोई संदेश आता है, तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें।

वित्तीय लेन-देन से बचें, न दें कोई जानकारी
प्रशासन के अनुसार ऐसे संदेशों के जरिए साइबर अपराधी जल्द ही रुपयों की मांग या अन्य तरह की ठगी कर सकते हैं। कलेक्टर ने हिदायत दी है कि इस नंबर से प्राप्त किसी भी कॉल या मैसेज पर कोई प्रतिक्रिया न दें। किसी भी बैंक खाते, यूपीआई (UPI) या अन्य माध्यम से पैसों का ट्रांसफर न करें।

साइबर सुरक्षा के लिए ध्यान रखें
किसी भी अनजान या संदिग्ध नंबर से आए संदेशों की पुष्टि किए बिना उस पर भरोसा न करें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाता विवरण, ओटीपी (OTP), या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध नंबरों से पैसों की मांग होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।