पर्यावरण विरोधी तत्वों द्वारा स्टेशन रोड पर हरे भरे वृक्षों को काटने का प्रयास,नागरिकों ने बचाए पेड
रतलाम,27 जुलाई (इ खबरटुडे)। एक ओर तो पर्यावरण बचाने के लिए सरकार से लेकर अनेक सामाजिक संगठन तक वृक्षारोपण के अभियान चलाते है,ताकि अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके,वहीं दूसरी ओर कुछ लोग निहित स्वार्थों के चलते हरे भरे वृक्षों को काटने के षडयंत्र करते है। इसी तरह का एक प्रयास सोमवार को स्टेशन रोड पर किया गया जहां पीपल और नीम के हरे भरे वृक्षों को कोटने की कोशिश की गई। वृक्षों को काटने के इन प्रयासों को स्थानीय निवासियों ने विफल कर दिया।
उल्लेखनीय है कि स्टेशनरोड पर बैैंक ऑफ़ बड़ौदा वाली इमारत के सामने पूर्व पार्षद रवि जोहरी के कार्यकाल में वृक्षारोपण कर पीपल के दो और एक नीम का वृक्ष लगाए गए थे। आज ये पेड़ बड़े होकर पूरी तरह हरे भरे हो चुके है। बड़ौदा बैैंक वाली इमारत बिक चुकी है और इसे टुकडों में विक्रय किया जा रहा है। इमारत के सामने लगे इन वृक्षों को सोमवार को काटने का प्रयास किया गया। इमारत के नए मालिकों द्वारा पेडों को काटने के लिए कुछ लोगों को लाया गया था। क्षेत्रीय निवासियों को जब पेडों को काटे जाने की सूचना मिली तो उन्होने तत्काल मौके पर पंहुच कर पेडों को काटने वालों को रोका और उन्हे वहां से वापस भेजा।
क्षेत्रीय निवासियों ने निगमायुक्त से मांग की है कि शहर के हरे भरे पेडों को काटने वाले तत्वों के विरुद्ध कडी कार्यवाही करवाए जिससे कि इस तरह के पर्यावरण विरोधी लोगों पर अंकुश लग सके और पर्यावरण को नुकसान पंहुचाने वालों को सबक मिल सके।

