Movie prime

रतलाम / जन्मदिन के कार्यक्रम में लात-घूसे और लाठी से हमला, बीच-बचाव करने आई महिला घायल

 
 

​रतलाम, 07जून (इ खबर टुडे)। शहर के महेश नगर क्षेत्र में एक जन्मदिन समारोह के दौरान मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना में बीच-बचाव करने आई एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसके हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण पट्टा चढ़ाया गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ​नारायण पहलवान की चाल, महेश नगर निवासी 22 वर्षीय पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 4 जून की रात वह अपने भाई तेजप्रताप के घर उसके बच्चे का जन्मदिन मनाने गई थी। ​रात करीब 12:15 बजे जब जन्मदिन का कार्यक्रम चल रहा था, तभी वहां इलाके के ही सुनील मईड़ा और उसके पिता जीवन मईड़ा आए। आरोपियों ने आते ही वहां बज रहे स्पीकर को लात मार दी।

​चोरी का झूठा आरोप लगाने की बात पर विवाद
​जब पीड़िता के भाई तेजप्रताप ने इसका विरोध किया, तो सुनील ने चिल्लाते हुए कहा, "तू मेरा झूठा नाम क्यों ले रहा है? मैंने कोई बैटरी नहीं चुराई है।" इसी बात को लेकर दोनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे।

​जब तेजप्रताप ने अपशब्द बोलने से मना किया, तो आरोपी उसके साथ मारपीट करने पर उतारू हो गए। भाई को पिटता देख जब पीड़िता बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपियों ने उसके साथ भी अभद्रता की। इस दौरान आरोपी जीवन ने लकड़ी (लाठी) से महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई।

​पड़ोसियों ने बचाया
​महिला के चिल्लाने पर उसकी मां कैलाशी बाई और पड़ोसी गोपाल वहां पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

​घटना के बाद पीड़िता ने अपने पति अंकित राणा को पूरी बात बताई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम ले जाया गया। डॉक्टरों ने महिला के बाएं हाथ पर पट्टा (प्लास्टर) चढ़ाया है। शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़िता ने अपने पति के साथ थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।