रतलाम / APK फाइल से साइबर ठगी का बढ़ता खतरा, गैस बुकिंग के नाम पर हो रही धोखाधड़ी
रतलाम, 01 अप्रैल (इ खबर टुडे)। जिले में साइबर ठगी के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में साइबर क्राइम सेल द्वारा समय-समय पर एडवाइजरी जारी की जा रही है।
हाल ही में सामने आए मामलों में साइबर अपराधी .apk और .exe फाइल के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। ठग गैस सिलेंडर बुकिंग, बैंक अपडेट, आधार-पैन सुधार, सरकारी योजनाओं या शादी के निमंत्रण के नाम पर लिंक या APK फाइल भेजते हैं। कई बार ये फाइलें व्हाट्सऐप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए परिचितों के नंबर से भी भेजी जाती हैं, जिससे लोग आसानी से भरोसा कर लेते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, जैसे ही कोई यूजर इस तरह की APK फाइल डाउनलोड या ओपन करता है, वह ऐप अपने आप फोन में इंस्टॉल होकर डिवाइस का एक्सेस हैकर्स को दे देता है। इसके बाद अपराधी फोन के मैसेज, OTP, PIN जैसी संवेदनशील जानकारी हासिल कर बैंक खातों से अवैध लेन-देन कर सकते हैं।
पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें। व्हाट्सऐप अकाउंट की सुरक्षा के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन अवश्य चालू रखें।
यदि गलती से कोई संदिग्ध ऐप फोन में इंस्टॉल हो जाए तो तुरंत इंटरनेट बंद करें और बैंक से संपर्क कर खाते को सुरक्षित करें। साथ ही, फोन में एंटीवायरस या विश्वसनीय ऐप के जरिए ऐसे हानिकारक एप्लिकेशन को हटाएं।
किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाना एवं साइबर सेल से संपर्क करें।

