रतलाम / असामाजिक तत्व ललित जिला बदर, रतलाम सहित 6 जिलों की सीमा से बाहर
रतलाम, 13 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और आगामी त्योहारों के मद्देनजर असामाजिक तत्वों की आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अजय कटेसरिया ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन अपराधी को जिला बदर (निष्कासित) करने का आदेश जारी किया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ललित दरकुनिया 28 वर्षीय निवासी 83, हाथीखाना, जावरा को रतलाम जिले की संपूर्ण राजस्व सीमाओं के साथ-साथ समीपवर्ती पांच अन्य जिलों— उज्जैन, आगर, धार, झाबुआ और मंदसौर की राजस्व सीमाओं से भी एक वर्ष के लिए बाहर कर दिया गया है।
प्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों के शांतिपूर्ण माहौल को बनाए रखना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में लोकशांति को बाधित करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इस तरह की सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

