रतलाम में नशे के खिलाफ सख्ती: जिले के हर कॉलेज में बनेगी एंटी नारकोटिक्स समिति, तस्करी पर निरस्त होंगे पट्टे
रतलाम, 16 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक महाविद्यालय में 'एंटी नारकोटिक्स समिति' के गठन का प्रस्ताव उच्च शिक्षा विभाग को भेजा जाए। ये समितियां कैंपस में सक्रिय रहकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगी।
बैठक में विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्कूल और कॉलेजों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री व संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। इसके साथ ही, मादक पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों की अवैध आवाजाही पर भी लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।
केंद्रीय एजेंसियों के साथ होगा संयुक्त निरीक्षण
अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर ने भारत सरकार की संबंधित नारकोटिक्स एजेंसियों के साथ समन्वय कर संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपियों से संबंधित भूमि या अन्य पट्टों के निरस्तीकरण की कार्रवाई भी नियमानुसार सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित संबंधित विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

