रतलाम: स्वास्थ्य सेवाओं में घोर लापरवाही, एएनएम रईसा बेगम तत्काल प्रभाव से निलंबित
रतलाम, 24 जुलाई (इ खबर टुडे)। स्वास्थ्य सेवाओं और विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में रतलाम जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने वार्ड नंबर 27 में पदस्थ एएनएम (ANM) श्रीमती रईसा बेगम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद की गई है।
जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में शहरी क्षेत्र के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, राष्ट्रीय क्षय (टीबी) उन्मूलन कार्यक्रम, एनसीडी और आयुष्मान निरामयम योजना के कार्यों की गहन समीक्षा की जा रही थी।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने पाया कि वार्ड क्रं. 27 में पदस्थ एएनएम श्रीमती रईसा बेगम द्वारा अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं किया जा रहा है। उनके क्षेत्र में आवश्यक स्वास्थ्य गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन और प्रसव पूर्व जांच (ANC), हाई रिस्क (उच्च जोखिम वाली) गर्भवती महिलाओं की पहचान और उनका उपचार, बच्चों का नियमित टीकाकरण, गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल (HBNC), राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही थीं।
सीएमएचओ ने जारी किया निलंबन आदेश
बैठक में कलेक्टर द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के पालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. किरण वाडिवा ने तुरंत कार्रवाई की। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रावटी (विकासखंड बाजना) के अंतर्गत रतलाम शहर के वार्ड क्रं. 27 में सेवाएं दे रहीं एएनएम श्रीमती रईसा बेगम को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण अधिनियम के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन काल में सैलाना रहेगा मुख्यालय
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान श्रीमती रईसा बेगम का मुख्यालय खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) सैलाना (जिला रतलाम) निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें शासकीय नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

