Movie prime

 सेवा संकल्प अभियान: रतलाम जिले के 1192 आंगनवाड़ी केंद्रों पर 'आंगन मिलन उत्सव' आयोजित, हुआ पौधारोपण और सम्मान

 

 

​रतलाम, 27सितंबर (इ खबर टुडे)। राज्यव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रतलाम जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों पर 'आंगन मिलन उत्सव' कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में मनाया गया। अभियान के तहत 26 सितंबर को जिले के कुल 1192 आंगनवाड़ी केंद्रों पर पौधारोपण, उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं-स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान तथा बच्चों के लिए विभिन्न बाल-सुलभ गतिविधियों का आयोजन किया गया।

​कार्यक्रम के दौरान रतलाम ग्रामीण के कुंडला ग्राम में स्थानीय विधायक मथुरा लाल डामोर की गरिमामयी उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिले के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जनता के नाम दिए गए संदेश का वाचन किया गया, साथ ही उपस्थित हितग्राहियों को संदेश से जुड़ा वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।

​आंगन मिलन उत्सव के तहत जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने आंगनवाड़ी परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही क्षेत्र में समर्पित भाव से सेवाएं दे रहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा स्वास्थ्य विभाग की आशा व एएनएम कार्यकर्ताओं को पुष्प-गुच्छ एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।

​महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 'आंगन मिलन उत्सव' की यह गतिविधियां 26 सितंबर से आरंभ होकर 5 अक्टूबर 2026 तक जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर निरंतर आयोजित की जाएंगी।