नालियों के जाम से भड़के अंबेडकर नगर वासी, निगम में किया हंगामा; महापौर के तत्काल एक्शन से 'मुर्दाबाद' के नारे 'जिंदाबाद' में बदले
रतलाम, 07 जुलाई (इ खबर टुडे)। शहर के सज्जन मिल के सामने स्थित अंबेडकर नगर में बदहाल सफाई व्यवस्था और जाम नालियों से आक्रोशित रहवासियों ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने निगम परिसर में बैठकर नारेबाजी की। हालांकि, महापौर प्रहलाद पटेल की त्वरित कार्यप्रणाली और मौके पर ही अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश देने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और वे निगम प्रशासन की प्रशंसा करते हुए वापस लौटे।
जानकारी के अनुसार, अंबेडकर नगर बस्ती में लंबे समय से नालियां चोक होने के कारण गंदगी की स्थिति बनी हुई थी। इससे परेशान होकर बड़ी संख्या में बस्ती के लोग निगम कार्यालय पहुंचे और 'महापौर मुर्दाबाद' के नारे लगाते हुए धरने पर बैठ गए। निगम परिसर में करीब आधे घंटे तक हंगामा और नारेबाजी चलती रही। इसके बाद आक्रोशित रहवासियों का दल सीधे महापौर के चेंबर में पहुंच गया और उन्हें अपनी जलभराव व गंदगी की समस्या से अवगत कराया।
महापौर ने लिया त्वरित संज्ञान, तलब किए गए स्वास्थ्य प्रभारी
महापौर प्रहलाद पटेल ने रहवासियों की समस्या को गंभीरता से सुना। जलभराव का मुख्य कारण नालियों के ऊपर हुआ अतिक्रमण पाए जाने पर महापौर ने तुरंत स्वास्थ्य प्रभारी राजेंद्र सिंह पवार को अपने कक्ष में तलब किया। उन्होंने सख्त लहजे में अतिक्रमण हटाने और नालियों की तत्काल सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए।
जेसीबी से टूटा अतिक्रमण, खुश होकर लौटे रहवासी
महापौर के निर्देशों का पालन करते हुए स्वास्थ्य प्रभारी श्री पवार ने बिना कोई देरी किए अंबेडकर नगर बस्ती में जेसीबी मशीन बुलवा ली। मौके पर पहुंचकर निगम की टीम ने नालियों पर किए गए अतिक्रमण को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी, जिससे रुके हुए पानी और सफाई का रास्ता साफ हो सका।
अपनी समस्या का हाथों-हाथ और मौके पर ही समाधान होता देख रहवासियों का गुस्सा खुशी में बदल गया। जो रहवासी कुछ देर पहले निगम परिसर में आक्रोशित होकर नारेबाजी कर रहे थे, वे कार्रवाई आश्वासन मिलने के बाद 'महापौर जिंदाबाद' के नारे लगाते हुए अपने घरों की ओर रवाना हुए।

