Movie prime

 रतलाम / शक्ति नगर में हॉस्टल की आड़ में अनैतिक गतिविधियों का आरोप, पुलिस अधीक्षक से शिकायत

 

 

​रतलाम,11सितंबर(इ खबर टुडे)। शहर के शक्ति नगर रोड क्षेत्र में एक मकान में कथित रूप से संचालित हॉस्टल में अनैतिक एवं संदिग्ध गतिविधियां चलाने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी भारत राठौर ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल वैधानिक कार्यवाही की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, शक्ति नगर स्थित उक्त मकान को हॉस्टल के नाम पर चलाया जा रहा है, लेकिन वास्तविक रूप से वहां युवक-युवतियों को महज कुछ घंटों के लिए कमरे उपलब्ध कराए जाते हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि यहां आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियां अत्यंत संदिग्ध हैं और मकान का उपयोग देह व्यापार जैसी अवैध गतिविधियों के लिए किए जाने की आशंका है। इससे आसपास के नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।

​डायल-112 की कार्रवाई का उल्लेख
शिकायत पत्र में बताया गया कि हाल ही में संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने मौके से एक युवती को पकड़ा था और उसका पहचान पत्र जप्त कर पूछताछ की थी। हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि इसके बावजूद मकान मालिक के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

​जांच और कठोर कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि ​उक्त मकान का त्वरित निरीक्षण कर आगंतुक रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और किरायेदारी दस्तावेजों की जांच की जाए। घटना की रात्रि के डायल-112 कॉल रिकॉर्ड और जप्ती पंचनामे का पुनरावलोकन किया जाए। ​बिना अनुमति हॉस्टल संचालन या अनैतिक व्यापार प्रमाणित होने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।

​स्थानीय निवासियों ने स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था और परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।