खबर का असर: 'इ खबर टुडे' की रिपोर्टिंग के बाद जागा आबकारी विभाग, अवैध अहातों पर बड़ी कार्रवाई
रतलाम, 04 मई(इ खबर टुडे)। शहर में नियमों को ताक पर रखकर शराब दुकानों के पास अवैध रूप से संचालित किए जा रहे अहातों और जमावड़ों पर आखिरकार प्रशासन का डंडा चल गया है। 'इ खबर टुडे डॉट कॉम' द्वारा इस गंभीर मुद्दे पर पिछले दो दिनों से प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की गईं, जिसके बाद आबकारी विभाग ने हरकत में आते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई को अंजाम दिया।
रतलाम की शराब दुकानों और उनके पास बने गोडाउन में शराब दुकान संचालकों की शह पर खुलेआम नियमों का उल्लंघन हो रहा था। दुकानों के आसपास और गोदामों के भीतर शराबियों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही थी। यह गतिविधियां न केवल कानून के विरुद्ध थीं, बल्कि आसपास के रहवासियों और राहगीरों के लिए भी सिरदर्द बनी हुई थीं।
'इ खबर टुडे' की मुस्तैद पत्रकारिता
शराब माफियाओं और संचालकों की इस मनमानी को 'इ खबर टुडे' ने उजागर किया। दो दिनों तक लगातार ग्राउंड रिपोर्टिंग और तथ्यों के साथ खबरें प्रकाशित करने के बाद विभाग पर दबाव बढ़ा।
आबकारी विभाग की 'धाकड़' कार्रवाई
खबर का संज्ञान लेते हुए आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके पर बैठकर शराब पी रहे लोगों को सख़्त चेतावनी देकर भगाया। दुकानों के पीछे बने गोदामों की तलाशी ली गई, जहाँ अवैध रूप से महफिलें सज रही थीं।
संचालकों को चेतावनी
शराब दुकान संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि भविष्य में दुकान परिसर या आसपास शराब पिलाते हुए कोई पाया गया, तो लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग के पी एस चौहान ने बताया कि "विभाग ऐसी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा जो नियमों के खिलाफ हो। हमारी टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"

