Movie prime

रतलाम / दो बार भिड़ंत के बाद बदमाशों ने लूटा 8.15 लाख से भरा बैग, व्यापारी और ड्राइवर घायल

 

 

 

रतलाम, 19 नवंबर (इ खबर टुडे)। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात (करीब 11.15 बजे) बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यापारी से 8 लाख 15 हजार 510 रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज से भरा बैग लूट लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि एक बार बैग छिन जाने के बाद व्यापारी और उसके ड्राइवर ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों से बैग वापस छीन लिया था, लेकिन बदमाश कुछ देर बाद दोबारा लौटे, कार का कांच फोड़ा और मारपीट कर बैग लूटकर फरार हो गए।  

जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी कन्फेक्शनरी कारोबारी (गोली, बिस्किट और चॉकलेट डिस्ट्रीब्यूटर) हर्षित पिता नरेंद्र चंदानी/चंदना अपने ड्राइवर गजेंद्र/गजानन भिड़े के साथ कार (MP09 DJ 9076) से कलेक्शन कर लौट रहे थे। वे 17 नवंबर को इंदौर से निकले थे और रतलाम, नीमच व मंदसौर में व्यापारियों से कैश कलेक्शन करने के बाद 18 नवंबर को वापस इंदौर जा रहे थे।

रात करीब 11.15 बजे वे रतलाम के पास महिंद्रा शोरूम के सामने शौच के लिए रुके। इसी दौरान बाइक पर आए दो अज्ञात बदमाश कार से रुपयों का बैग निकालकर भागने लगे। व्यापारी और ड्राइवर ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और बैग वापस छुड़ा लिया। बदमाशों के भाग जाने के बाद वे निश्चिंत हुए ही थे कि आरोपी दोबारा लौट आए। आरोपियों ने पत्थर मारकर कार का कांच तोड़ा, मारपीट की और बैग छीनकर भाग निकले। संघर्ष में व्यापारी के सिर, हाथ व पैर तथा ड्राइवर के सिर व पैर में चोटें आई हैं।  

​अफसर मौके पर पहुंचे, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसपी अमित कुमार, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम और औद्योगिक थाना प्रभारी अमित कोरी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक रूप से करीब 10 लाख की लूट की चर्चा रही, लेकिन जांच में बैग में 8 लाख 15 हजार 510 रुपए नकद व दस्तावेज होने की पुष्टि हुई। पुलिस आसपास के मार्गों व टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है।

सुरक्षा और पेट्रोलिंग पर उठे सवाल

जिले में मुख्यमंत्री व गृह मंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे के बाद वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था हटते ही फोरलेन पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने रात्रि गश्त और हाईवे पेट्रोलिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।