बाईक भिडंत के बाद एक पक्ष का पथराव टीआई सहित 4 पुलिसकर्मी घायल
उज्जैन,17अप्रैल(इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। महिदपुर रोड पर शुक्रवार को एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो बाइक की टक्कर के बाद झगड़ा बढ़ने पर मामला थाने पहुंचा तो यहां दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। घटना में थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
जिला मुख्यालय से करीब 75 किमी.दूर महिदपुर रोड गोगापुर में शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की टक्कर हो गई थी। एक बाइक पर शिकारीखेड़ा के महिला व पुरूष बैठे हुए थे। दुर्घटना को लेकर दोनों बाइक पर सवार में विवाद हो गया। इस दौरान बंजारा समाज के लोग भी एकत्र हो गए थे। सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों को समझाने के बाद एक पक्ष के लोग महिदपुर रोड थाने के पास पोरवाल धर्मशाला के बाहर एकत्र होकर हंगामा करने लगे।
विवाद होते देख टीआई रामसिंह भाबोर, एएसआइ सुरेशचंद्र सोनगरा, प्रधान आरक्षक समरथलाल व आरक्षक मदन पग्गी सहित अन्य पुलिसकर्मी उन्हें हटाने गए। इस पर बंजारा समाज के लोगों ने पुलिस पर ही पथराव कर दिया था। घटना में टीआइ भाबोर के सिर व आंख के समीप पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एएसआइ सोनगरा की पीठ व हाथ, प्रधान आरक्षक समरथ को हाथ व आरक्षक मदन को पीठ पर चोट लगी है। एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार दुर्घटना के बाद कुछ लोगों को पुलिस थाना लेकर आई थी। इसी दरमियान उनके समर्थन में आए लोगों ने एकत्रित होकर पथराव किया है। इसमें टीआई सहित 4 पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। प्रकरण दर्ज किया गया है।
घटना के बाद घायल आरक्षक मदन की शिकायत पर रतन बंजारा, भारत बंजारा, सरदार बंजारा, तोफान बंजारा, हाकम बंजारा, वकील बंजारा, गीताबाई बंजारा व अन्य के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, बलवा करने का केस दर्ज किया है। पुलिस ने कुछ आरोपितों को हिरासत में लेकर तलाश शुरू कर दी।

