Movie prime

कुंडाल–कोटेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में प्रशासन की कार्रवाई, अवैध सिंचाई करते 12 मोटर-पंप जब्त

​कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, विद्युत मंडल और जल संसाधन विभाग की संयुक्त टीम ने दी दबिश
 

​रतलाम, 27 नवंबर (इ खबर टुडे)। कुंडाल–कोटेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से सिंचाई कर रहे लोगों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देश पर प्रशासन और जल संसाधन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर सिंचाई में उपयोग किए जा रहे 12 मोटर-पंप जब्त किए हैं।

​रतलाम ग्रामीण तहसीलदार मनीष जैन ने बताया कि बांध में कम जल उपलब्धता को देखते हुए जल संरक्षण और उपलब्ध पानी के उचित प्रबंधन के लिए सिंचाई पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद डूब क्षेत्र में मोटर और पंप लगाकर पानी खींचे जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि होने पर संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अवैध रूप से संचालित पंपों को जब्त कर लिया।

​मौके पर बनाया पंचनामा
कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 12 मोटर-पंप जब्त किए, जिनमें 7 सबमर्सिबल पंप और 5 ओपनवेल पंप शामिल हैं। प्रशासनिक अमले ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई पूरी की। इस संयुक्त अभियान में तहसीलदार मनीष जैन के साथ मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के कर्मचारी और जल संसाधन विभाग के उपयंत्री मुख्य रूप से शामिल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में पानी चोरी या अवैध सिंचाई करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।