अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी सहित कई वाहन जप्त
रतलाम, 1 मई (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
खनिज अधिकारी रीना पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम गोदीशंकर के पास चंबल नदी में अवैध रेत उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया गया। इन वाहनों को पुलिस थाना रिंगनोद की अभिरक्षा में रखा गया है। मामले में मध्य प्रदेश अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इसी क्रम में खनिज निरीक्षक शंकर कनेश द्वारा डंपर क्रमांक MP69ZC 8634 को रेत का ओवरलोड परिवहन करते हुए पकड़ा गया। साथ ही डंपर MP43H0488 एवं दो ट्रैक्टर-ट्रॉली गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए गए, जिन्हें पुलिस थाना रावटी, चौकी बिरमावल एवं थाना आलोट में जप्त कर सुरक्षित रखा गया।
वहीं खनिज अधिकारी रीना पाठक और खनिज निरीक्षक देवेंद्र चिड़ार द्वारा डंपर MP09HG4711 को मिट्टी के अवैध उत्खनन में संलिप्त पाए जाने पर तथा डंपर MP13GA2568 को गिट्टी के अवैध परिवहन में पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जप्त कर होमगार्ड लाइन रतलाम में खड़ा कराया गया है।
इसके अलावा डंपर MP13H1123 को जावरा क्षेत्र में लगातार अवैध गिट्टी परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर पुलिस थाना जावरा औद्योगिक क्षेत्र में रखा गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

