Movie prime

 नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0: रतलाम में मेडिकल स्टोरों पर प्रशासन का छापा, दो को अल्टीमेटम

 

​रतलाम, 18 जुलाई (इ खबर टुडे)। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत शनिवार को प्रशासनिक और औषधि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने रतलाम शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण कर नारकोटिक्स दवाओं और कोडीन युक्त कफ सिरप के स्टॉक व क्रय-विक्रय रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान दो मेडिकल स्टोरों में कमियां पाए जाने पर उन्हें सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

​औषधि निरीक्षक अजय कुमार मीणा ने बताया कि अभियान के तहत राजस्व और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने नाहरपुरा स्थित शहनाज मेडिकल, शास्त्री नगर स्थित न्यू नेशनल मेडिकल तथा रतलाम हॉस्पिटल परिसर स्थित रतलाम केमिस्ट पर दबिश दी। टीम ने यहां मुख्य रूप से टॉसेक्स सिरप, एलप्रेक्स टैबलेट और ट्रामाडोल इंजेक्शन जैसी नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं की उपलब्धता और उनके रिकॉर्ड खंगाले।

​दो दिन में रिकॉर्ड पेश नहीं किया तो सस्पेंड होगा लाइसेंस
निरीक्षण के दौरान शहनाज मेडिकल और न्यू नेशनल मेडिकल के संचालक मौके पर दवाओं के क्रय-विक्रय से जुड़े वैध दस्तावेज और अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इस लापरवाही पर टीम ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों प्रतिष्ठानों को दो दिन के भीतर समस्त रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में अभिलेख पेश नहीं किए गए, तो संबंधित मेडिकल स्टोरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनके लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रतलाम केमिस्ट पर जांच के दौरान सभी दस्तावेज सही और मौके पर ही उपलब्ध पाए गए।

​जांच दल में ये रहे शामिल
इस संयुक्त कार्रवाई में नायब तहसीलदार पाण्डेय, औषधि निरीक्षक अजय कुमार मीणा और औषधि निरीक्षक बलराम चौधरी शामिल रहे। औषधि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में नशीली और प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए आने वाले दिनों में भी इस प्रकार की औचक निरीक्षण और जांच की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।