जिला बदर का उल्लंघन करने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
रतलाम,16 जून (इ खबर टुडे)। जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत बरखेड़ाकला थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिला दंडाधिकारी (कलेक्टर) के आदेश का उल्लंघन कर जिले की सीमा में घूम रहे एक जिला बदर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट सुश्री पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में जिला बदर आदेशों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से की गई।
चंबल नदी पुलिया के पास खड़ा था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार (16 जून) को थाना बरखेड़ाकला पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि बरखेड़ा खुर्द निवासी जिला बदर आरोपी नारायण पिता मांगु मालवीय (37 वर्ष) चंबल नदी की पुलिया के नीचे संदेहास्पद स्थिति में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पंचों की उपस्थिति में विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
एक साल के लिए किया गया था जिला बदर
क्या था आदेश: जांच में सामने आया कि माननीय जिला दंडाधिकारी रतलाम द्वारा आदेश क्रमांक 21/आर.1/डीएम/2026 दिनांक 09.01.2026 के तहत आरोपी नारायण मालवीय को 27 जनवरी 2026 से एक वर्ष की अवधि के लिए रतलाम सहित उसके आसपास के सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद आरोपी प्रतिबंध का उल्लंघन कर क्षेत्र में घूम रहा था। आरोपी द्वारा शासकीय आदेश का सरेआम उल्लंघन किए जाने पर पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 117/2026 के तहत मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 14 एवं 15 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पतिराम डावरे, सहायक उपनिरीक्षक रमेशचंद्र भम्भोरिया, आरक्षक ओमप्रकाश गुर्जर, आरक्षक आखम सिंह, आरक्षक अनिल रावत तथा सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक जीवन बारिया, आरक्षक विपुल भावसार एवं आरक्षक मयंक व्यास की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

