Movie prime

रतलाम में मॉडलिंग के नाम पर युवती से अश्लीलता और ब्लैकमेलिंग, AI वीडियो बनाकर 15 लाख रुपये मांगने का आरोप

 

 

रतलाम,15 जुलाई(इ खबर टुडे)। मॉडलिंग क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छुक एक बीएससी की छात्रा को सोशल मीडिया के माध्यम से जाल में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाने और भारी रकम वसूलने की धमकी देने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, महू रोड स्थित सहज कार केयर के पास रहने वाली और बीएससी तक पढ़ी पीड़िता पिछले करीब दो साल से मॉडलिंग का काम कर रही है। मॉडलिंग के काम के कारण ही उसकी इंस्टाग्राम पर प्रोफाइल बनी हुई है, जहां वह अपनी तस्वीरें अपलोड करती है। कुछ समय पहले एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया और काम के सिलसिले में बातचीत शुरू की।

​एआई (AI) तकनीक और ब्लैकमेलिंग का खेल
​शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने पीड़िता को काम का झांसा देकर उसकी प्रोफाइल शेयर करने को कहा। इसके बाद, आरोपी ने पीड़िता के परिजनों और उसके काम के सिलसिले में बाहर जाने की जानकारी का फायदा उठाया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने व्हाट्सएप पर उसकी तस्वीरों का इस्तेमाल कर एआई (AI) तकनीक के जरिए एक फर्जी और आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर लिया।

​इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को डराया-धमकाया और वीडियो को सार्वजनिक न करने के बदले 15 लाख रुपये की मांग की। इतना ही नहीं, आरोपी ने हर महीने लड़की भेजने और चंडीगढ़ आने के लिए भी दबाव बनाया।

​वीडियो कॉल पर कपड़े उतरवाने का दबाव
​पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी की बात मानने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने 3 जुलाई 2026 को उसे वीडियो कॉल किया। डर और घबराहट के मारे पीड़िता ने कॉल उठा लिया, जिसके बाद आरोपी ने अपना कैमरा बंद कर पीड़िता को डरा-धमकार कपड़े उतारने पर मजबूर किया और उसका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। आरोपी ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं मिले, तो वह इस वीडियो को पीड़िता के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स और उसके परिचितों को शेयर कर देगा।

​पुलिस ने दर्ज किया मामला
​लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अपनी बहन के साथ पुलिस थाना स्टेशन रोड थाना पहुंचकर मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबरों और इंस्टाग्राम अकाउंट को ट्रैक किया जा रहा है।