ताल पुलिस की कार्रवाई: अपहरण के मामले में आरोपी मोरबी (गुजरात) से गिरफ्तार, नाबालिग बालिका सकुशल बरामद
रतलाम, 30 जुलाई(इ खबर टुडे)। थाना ताल क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही दिनों में आरोपी को गुजरात के मोरबी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को भी सकुशल दस्तयाब कर सुरक्षित रतलाम वापस ले आई है।
ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी से मिली जानकारी के अनुसार फरियादिया ने तीन दिन पूर्व 26 जुलाई को थाना ताल में अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और एसडीओपी श्रीमती पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी की मदद से हुआ खुलासा
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही घटनास्थल और संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस को सुराग मिला कि आरोपी यशवंत (21) पुत्र अम्बाराम चंद्रवंशी, निवासी रिन्छा (थाना आलोट, जिला रतलाम) नाबालिग बालिका को लेकर गुजरात के मोरबी में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही ताल पुलिस की एक टीम तुरंत मोरबी (गुजरात) के लिए रवाना हुई और तुरंत दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। साथ ही, उसके चंगुल से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी ताल निरीक्षक स्वराज डाबी, उप निरीक्षक कांतिलाल सोनार्थी, सहायक उप निरीक्षक मदनसिंह डोडिया, प्रधान आरक्षक निकोलस लकड़ा, तथा आरक्षक निलेश शर्मा, हरिशंकर, देवेंद्र कायस्थ, नितिन सक्सेना एवं मनीष शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

