जावरा में सरेराह तलवार लहराकर धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल
रतलाम, 30जून (इ खबर टुडे)।बजिले के जावरा शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जावरा शहर पुलिस ने एक बार फिर कड़ी और त्वरित कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर सरेआम तलवार लहराकर धमकी देने का वीडियो वायरल होने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी को हथियार सहित दबोच लिया है, वहीं एक अन्य संदेही को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 29 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक हाथ में नंगी तलवार लेकर लोगों को डराता-धमकाता नजर आ रहा था। पुलिस ने इस वीडियो को तत्काल संज्ञान में लिया। इसी दौरान पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी द्वारा उनकी लड़की का पीछा किया जा रहा था। जब परिजनों ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, तो वह उग्र हो गया और तलवार निकालकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा।
इन गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ केस
मामले की संवेदनशीलता और पीड़िता के नाबालिग होने के मद्देनजर जावरा शहर पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया। पुलिस ने आरोपी खालिद और फारूख (दोनों निवासी खत्रीपुरा, जावरा) के खिलाफ अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2), 78(2), 115(2), 296बी, 351(3), 3(5) के साथ-साथ 11(iv)/12 पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और 25 आर्म्स एक्ट के तहत संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, धारदार तलवार जप्त
थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मुख्य आरोपी खालिद (22 वर्ष), पिता सलीम खां, निवासी खत्रीपुरा, जावरा को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की एक तीखी धारदार तलवार भी जप्त की है। मामले के दूसरे आरोपी फारूख, पिता सलीम को भी पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया है और दोनों से आगे की वैधानिक कार्यवाही व विवेचना की जा रही है।

