Movie prime

रतलाम पुलिस की कार्रवाई: नाबालिग लड़कियों से अनैतिक देह व्यापार करवाने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो पीड़िताएं रेस्क्यू

 

 

​रतलाम, 25 जुलाई (इ खबर टुडे)। रतलाम पुलिस द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों और अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। थाना रिंगनोद व पुलिस चौकी ढोढर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बाछड़ा डेरे से दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है और देह व्यापार में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशों पर जिले में अनैतिक गतिविधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद आनंद सिंह आजाद व चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी की टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी।

​सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम ढोढर स्थित बाछड़ा डेरे में पीटा (PITA) एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी। वहां से पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू कराया, जिनसे जबरन अनैतिक देह व्यापार करवाया जा रहा था।

​आरोपी गिरफ्तार, संगीन धाराओं में मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने आरोपी हंसु पिता गोपाल चौहान (उम्र 19 वर्ष), निवासी बाछड़ा डेरा ढोढर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध थाना रिंगनोद में ​BNS की धारा 143(4), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 6 एवं POCSO एक्ट की धारा 3/4 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

​सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक आनंदसिंह आजाद, उनि रघुवीर जोशी, सउनि अशोक चौहान, प्र.आर. सुधीरसिंह, प्र.आर. नरेंद्रसिंह, आर. नरेंद्रसिंह हाड़ा, आर. शोभाराम शर्मा, आर. रविंद्रसिंह तथा महिला आर. निशा दडिंग (थाना रिंगनोद व चौकी ढोढर) की विशेष व सराहनीय भूमिका रही।