Movie prime

तेजा दशमी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से मारपीट व अभद्रता करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

 

 

​रतलाम, 23 सितंबर(इ खबर टुडे)। तेजा दशमी पर्व की ड्यूटी के दौरान तैनात पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देकर शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले आरोपी को शिवगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 21 सितंबर 2026 को शिवगढ़ बाजार स्थित गणेश मंदिर के पास ड्यूटी पर तैनात आरक्षक कंवरलाल परमार के साथ शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए अभद्रता की गई थी। फरियादी आरक्षक की रिपोर्ट पर थाना शिवगढ़ में आरोपी मिथुन (20) पिता कालू मईड़ा, निवासी ग्राम खेरखुटा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 298/2026, धारा 121(1), 132, 296(बी), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने विवेचना प्रारंभ की। मुखबिर की सटीक सूचना पर शिवगढ़ बस स्टैंड के पास राजापुरा रोड पर घेराबंदी कर आरोपी मिथुन को धरदबोचा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

​शिवगढ़ पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 23 सितंबर को सैलाना न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से माननीय न्यायालय ने आरोपी को 6 अक्टूबर 2026 तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेजने के आदेश जारी किए हैं। मामले में आगे की कानूनी विवेचना जारी है।

​सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक रणजीतसिंह मकवाना, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदोरिया, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भुरिया, प्रधान आरक्षक रघुवीरसिंह शक्तावत, विक्रमसिंह घोसरे, जितेन्द्र जायसवाल तथा आरक्षक मनीष खराडी, जितेन्द्र प्रसाद, रावजी गणावा, रमेश सोलंकी, कंवरलाल परमार, नितेश जाटव व विक्रम भुरिया की सराहनीय भूमिका रही।