रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता / 11 लाख की धोखाधड़ी कर 6 साल से फरार आरोपी मुंबई से गिरफ्तार
रतलाम, 14 मई (इ खबर टुडे)। रतलाम पुलिस ने धोखाधड़ी के मामलों में फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस टीम ने करीब 6 वर्षों से फरार 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी को नवी मुंबई (महाराष्ट्र) से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला साल 2021 का है, जब टीआईटी रोड निवासी फरियादी लोकेन्द्र सिंह पंवार ने थाना स्टेशन रोड पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी रूपेश गंधारे ने “बी प्राइम कंपनी” के नाम से ब्यूटी प्रोडक्ट्स का व्यवसाय शुरू किया था। उसने फरियादी को कंपनी में निवेश करने पर पैसा दोगुना करने का लालच दिया और किश्तों में लगभग 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 70/2021 के तहत धारा 420, 409 (IPC) और मध्यप्रदेश निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम की धारा 6(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया था। वारदात के बाद से ही आरोपी अपनी पहचान और ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड पुलिस और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। साइबर सेल ने आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट्स और मोबाइल लोकेशन का बारीकी से विश्लेषण किया। मुखबिर और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी की लोकेशन ठाणे, नवी मुंबई में ट्रैक की गई। 12 मई, को पुलिस टीम ने नवी मुंबई के ऐरोली क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी रूपेश गंधारे को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
रूपेश गंधारे पिता रामभाऊ गंधारे 47 वर्ष निवासी कुलस्वामी अपार्टमेंट, सेक्टर-08A, थाना रबाले, नवी ठाणे, मुंबई।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम देने में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन, उप निरीक्षक मुकेश सस्तिया, प्रधान आरक्षक देवीसिंह चौहान और आरक्षक विनोद माली की मुख्य भूमिका रही। वहीं, साइबर सेल से विपुल भावसार एवं राहुल पाटीदार ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल रतलाम भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने टीम की इस सफलता पर पूरी टीम की सराहना की है।

