Movie prime

 रतलाम / पुलिस को मिली सफलता, NDPS एक्ट में फरार पांच हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

 

 

रतलाम, 23 जुलाई (इ खबर टुडे)। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय अधिकारी सुश्री पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में ताल थाना पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने काफी समय से फरार चल रहे 5,000 रु के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ​घटना की शुरुआत 1 फरवरी को हुई थी, जब मुखबिर की सूचना पर ताल पुलिस ने भारतसिंह (पिता दिलीपसिंह सौंधिया राजपूत, निवासी आम्बा) को अवैध मादक पदार्थ एमडी (MD) और डोडाचूरा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ थाना ताल पर अपराध क्रमांक 62/26, धारा 8/15, 22 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

​मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी भारतसिंह ने खुलासा किया था कि जप्त किया गया मादक पदार्थ वह अनुराजसिंह को सप्लाई करने जा रहा था। इस खुलासे के बाद से ही आरोपी अनुराजसिंह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक रतलाम द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था।

​वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में ताल पुलिस ने अपनी दबिश जारी रखी। बीते दिन बुधवार को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फरार चल रहे इनामी बदमाश अनुराज सिंह पिता भगवानसिंह सौंधिया राजपूत 25 वर्ष, निवासी ग्राम ढोढर, थाना बड़ोद, जिला आगर को धर दबोचा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद प्रकरण में धारा 29 NDPS एक्ट का इजाफा किया गया।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई और इनामी बदमाश की गिरफ्तारी में ताल थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी, सहायक उपनिरीक्षक पंकज भम्भोरिया, आरक्षक (241) अंकित काला, आरक्षक (337) सावरिया पाटीदार, आरक्षक (377) राहुल पाटीदार एवं आरक्षक (1003) मनीष शर्मा की सराहनीय और मुख्य भूमिका रही।