Movie prime

रतलाम / शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और धमकी देने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

 

 

​रतलाम, 07 अक्टूम्बर (इ खबर टुडे)। रतलाम पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने वाले फरार आरोपी को बाजना थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
​
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बाजना थाने पर 21 अगस्त 2026 को पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी मासु (पिता जहुड़ा डामर), निवासी रूपापाड़ा (थाना रावटी), उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने इंकार कर दिया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी।

​पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

​लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी
मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी मासु लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी।
​मुखबर की सूचना पर बिछाया जाल

थाना प्रभारी बाजना निरीक्षक रविन्द्र दंडोतिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अपने सूचना तंत्र (मुखबरों) को सक्रिय किया। सटीक जानकारी मिलते ही बाजना पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मासु को धर दबोचा। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​रतलाम पुलिस प्रशासन का कहना है कि महिला सुरक्षा और संवेदनशील अपराधों में लिप्त फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।