Movie prime

रतलाम: दर्दनाक हादसा! बेटी को स्कूल छोड़ने निकली महिला ने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत

 

 

​रतलाम, 14 नवंबर (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले के जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत हुसैन टेकरी पुलिस चौकी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शनिवार सुबह एक 26 वर्षीय महिला ने अपने दोनों मासूम बच्चों के साथ परिवार के ही एक कुएं में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में मां और दोनों बच्चों की मौत हो गई।  
​
​प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे की है। 26 वर्षीय दया बाई पत्नी हरिओम अपनी 5 वर्षीय बेटी दक्षु को स्कूल यूनिफॉर्म पहनाकर स्कूल छोड़ने की बात कहकर घर से निकली थी। उसके साथ उसका 3 वर्षीय बेटा अरविंद भी था। घर से कुछ ही दूरी पर स्थित परिवार के कुएं के पास पहुँचकर महिला ने अपने दोनों बच्चों के साथ उसमें छलांग लगा दी।  

​ग्रामीणों ने निकाला बाहर, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
​घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद तीनों को कुएं से बाहर निकाला। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा उन्हें तत्काल जावरा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों (दक्षु और अरविंद) को मृत घोषित कर दिया।  

​सुबह करीब 10:30 बजे निजी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला दया बाई को जावरा सिविल अस्पताल लेकर पहुँची, जहां जाँच के बाद डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।  

​आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं, पुलिस जांच में जुटी
​हुसैन टेकरी चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी के मुताबिक, महिला ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसके स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से ठीक पहले घर में क्या परिस्थितियां थीं और परिवार में कौन-कौन रहता है। पुलिस के अनुसार, अभी परिजनों और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं।  

​फिलहाल, तीनों शवों का जावरा में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच और परिजनों के बयान सामने आने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।