Movie prime

अमलेटा फंटे स्थित श्री नित्यानंद गौशाला में निस्वार्थ सेवा का अनूठा उदाहरण, जल्द होगा भव्य भागवत कथा आयोजन
 

 
 

रतलाम, 11 अप्रैल(इ खबर टुडे)। सनातन परंपरा में गौसेवा को सर्वोच्च पुण्य का कार्य माना गया है, और इसी भावना को साकार रूप दे रही है अमलेटा फंटे स्थित श्री नित्यानंद आश्रम की गौशाला। वर्षों से यहां निस्वार्थ सेवा भाव के साथ श्री नित्यानंद गौशाला का संचालन पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है।

यह गौशाला समर्थ महाप्रभु 1008 अवधूत श्री नित्यानंद महाराज एवं समर्थ महाप्रभु 1008 अवधूत श्री राजानंद जी बापजी के कृपापात्र अवधूत श्री विश्वानंद बाबजी के मार्गदर्शन में संचालित हो रही है। शहर के इफ्का लेबोरेटरी के सामने स्थित आश्रम परिसर में चल रही इस गौशाला में गौमाता की सेवा को ही मानवता और धर्म का मूल आधार माना जाता है।

मान्यता है कि गौमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए उनकी सेवा करने से सभी देवी-देवताओं की सेवा का पुण्य प्राप्त होता है। इसी भावना से प्रेरित होकर अनेक गौभक्त यहां नियमित रूप से दान-पुण्य कर गौसेवा में अपना योगदान दे रहे हैं।

आश्रम में केवल गौसेवा ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक गतिविधियां भी निरंतर जारी हैं। अवधूत श्री विश्वानंद जी महाराज के सानिध्य में प्रतिदिन भक्ति पाठ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

आगामी दिनों में श्री नित्यानंद आश्रम, अमलेटा फंटा में अवधूत श्री विश्वानंद बाबजी के सानिध्य में 7 दिवसीय भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रस्तावित है। इस आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और बड़ी संख्या में भक्तजन इसमें सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

यह गौशाला न केवल गौसेवा का केंद्र है, बल्कि समाज में सेवा, श्रद्धा और समर्पण की प्रेरणा भी दे रही है।