रतलाम / करोडो का माल लेकर सूरत से रतलाम आ रहा ट्रक हुआ गायब, शहर के कपडा व्यापारीयो में मचा हड़कंप
रतलाम, 24 जनवरी (इ खबर टुडे)। सूरत से रतलाम आ रहा ट्रक सेंधवा बॉर्डर पर गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सूत्रों अनुसार ट्रक में कपडा व्यापारियों के करीब 180 बॉक्स थे, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। मामला तीन से चार दिन पुराना है। इस मामले में गुजरात के सूरत थाने ने प्रकरण दर्ज किया है। गुजरात पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ट्रक की तलाशी में जुटे हुए है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चार दिन पूर्व रतलाम के सुयश रोड लाइन्स ट्रांसपोर्ट से शहर के कपडा व्यापारियों ने सूरत से रतलाम का माल बुक करवाया। सुयश ट्रांसपोर्ट कम्पनी का ट्रक शहर के कपडा व्यापारियों का करीब180 बॉक्स कार्टून के साथ सूरत से रतलाम के लिए निकल गया था। ट्रक में करीब शहर के 15 से 20 व्यापारियों का लगभग एक करोड़ से ज्यादा का माल बताया जा रहा है। सेंधवा बॉर्डर पहुंचकर ड्राइवर ने ट्रांसपोर्ट मालिक मुकेश मांडोत को फ़ोन करके बताया की गाडी खराब हो गई है। सुधरवाकर हम पहुचेगे। उसके बाद से ट्रक ग़ायब हो गया और ड्राइवर से कोई बात नहीं हुई।
तीन दिन बीत जाने के बाद शुक्रवार को इसकी जानकारी गुजरात के सूरत थाने मिली। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ड्राइवर के साथ ट्रक की खोजबीन में जुट गई है। उल्लेखनीय है कि सुयश ट्रांसपोर्ट का कपडा व्यापारी एसोसिएशन से अनुबंधित था। जिससे शहर के अधिकांश व्यापारियों का माल इसी ट्रांसपोर्ट कम्पनी से मंगवाया जाता था। जिसकी समस्त जिम्मेदारी ट्रांसपोर्ट के अधीन आती है। परन्तु ट्रांसपोर्ट पर बुक हुए कपडा व्यापारियों के माल का कोई बीमा नहीं होने से कई सवाल खड़े होते है। जिससे शहर के कपडा व्यापारियों में भारी हड़कंप मचा हुआ है।
इ खबर टुडे की टीम ने जब ट्रांसपोर्ट मालिक मुकेश से इस मामले में फ़ोन कर जानकारी मांगी तो उन्होंने शहर से बाहर होने का हवाला देकर फ़ोन कट कर दिया। फिर टीम ने कपडा व्यापारी संघ के अध्यक्ष जयंतीलाल डांगी को फ़ोन किया तो उन्होंने दस मिनिट में कॉल करने का कहकर कट कर दिया। कपडा व्यापारी संघ के अध्यक्ष जयंतीलाल दांगी और ट्रांसपोर्ट मालिक मुकेश को इ खबर टुडे की टीम को विस्तृत जानकारी नहीं देना संदेह की भूमिका लगती है। दोनों ही इस मामले को दबाने में नजर आ रहे है। परन्तु इ खबर टुडे की टीम पूरी जानकारी लेने में जुटी है।

