शिवगढ़ - पिपलौदा में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई
रतलाम, 08 मई (इ खबर टुडे)। जिले के शिवगढ़ एवं पिपलौदा क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच को लेकर सघन अभियान चलाते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 11 नमूने संग्रहित किए। कार्रवाई के दौरान दो प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस संचालित पाए गए, जिनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार शिवगढ़ में घर पर कुल्फी निर्माण कर विक्रय किए जाने की सूचना पर विभागीय टीम ने रतलाम रोड स्थित ओम साईं मावा कुल्फी का निरीक्षण किया। यहां से कुल्फी, चोकोबार कुल्फी एवं मिल्क पाउडर के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं गंगा आइसक्रीम जूस सेंटर से लस्सी एवं आमरस के दो नमूने संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सुधार सूचना पत्र (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी किए गए।
इसी क्रम में पिपलौदा क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा में कमलेश जाट की मावा भट्टी का निरीक्षण कर मावे के दो नमूने लिए गए। साथ ही प्रजापत किराना एवं दूध डेयरी से मिक्स्ड दूध, बेसन, चावल, घी एवं पोहा के नमूने लिए गए। ग्राम हतनारा स्थित राका किराना से पारस देसी घी एवं आटे के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
जांच के दौरान प्रजापत किराना एवं राका किराना दोनों प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस संचालित पाए गए। विभाग ने दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए हैं।
सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा एवं प्रीति मंडोरिया द्वारा की गई।

