रतलाम पुलिस की कार्रवाई / 3 किलो से अधिक अफीम के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, ₹6.30 लाख का माल जब्त
रतलाम,03 जून(इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत रिंगनोद थाना अंतर्गत माननखेड़ा पुलिस चौकी टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 3 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। जब्त की गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में रिंगनोद थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद व माननखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश मालवीय द्वारा लगातार क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही थी। दिनांक 1 जून 2026 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल (क्रमांक MP14 NG1255) पर अवैध अफीम लेकर जड़वास के कच्चे रास्ते से आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए माननखेड़ा पुलिस चौकी के सामने फोरलेन रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल के आते ही पुलिस ने उसे रोका। एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करते हुए जब बाइक सवार की तलाशी ली गई, तो उसके पास से 3 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
मंदसौर का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने मौके से अवैध मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की गई 50 हजार रुपये मूल्य की मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र (32 वर्ष) पिता विष्णु प्रसाद राठौर, निवासी ग्राम सरसोद, थाना दलौदा, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह अफीम कहाँ से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, माननखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश मालवीय, प्रधान आरक्षक हर्षवर्धनसिंह जगावत, आरक्षक घनश्याम कुमावत, संतोष कुमार, अनिल डांगी तथा सैनिक सुरेश उपाध्याय, जालमसिंह व शांतिलाल बामनिया की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

